कुशीनगर , अगस्त 20 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में बिहार से आ रहे लाल बालू लदे ट्रक को रोकने का प्रयास कर रहे एक सिपाही को चालक ने कुचलने का प्रयास किया। ट्रक की टक्कर से बाइक समेत सड़क पर गिरे सिपाही के ऊपर चालक ने ट्रक चढ़ा दिया, जिससे उनका बायां पैर बुरी तरह कुचल गया। गंभीर रूप से घायल सिपाही को पहले गोरखपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें लखनऊ स्थित पीजीआई रेफर किया गया है।
घटना तरयासुजान थाना क्षेत्र की बहादुरपुर पुलिस चौकी के अंतर्गत सलेमगढ़ के सिअरहा गांव के पास हाईवे पर बुधवार रात करीब दो बजे हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार सुल्तानपुर जिले के निवासी 24 वर्षीय बृजेश मणि त्रिपाठी वर्ष 2025 बैच के सिपाही हैं। करीब दो महीने पहले ही उनकी पहली तैनाती बिहार-उत्तर प्रदेश सीमा पर स्थित बहादुरपुर पुलिस चौकी में हुई थी।
बुधवार रात वह पुलिस टीम के साथ बिहार से उत्तर प्रदेश की ओर आने वाले लेन पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान बिहार की ओर से लाल बालू लदा एक ट्रक आया। पुलिसकर्मियों ने चालक को ट्रक रोकने का इशारा किया, लेकिन आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज गति से उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ा दिया।
सिपाही बृजेश ने बाइक से ट्रक का पीछा किया। सलेमगढ़ में निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पूर्वी कट पर सिअरहा गांव के पास उन्होंने ट्रक को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि चालक ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे सिपाही बाइक समेत सड़क पर गिर गए। इसके बाद चालक ने उनके ऊपर ही ट्रक चढ़ा दिया। ट्रक का पहिया सिपाही के बाएं पैर पर चढ़ जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद चालक हाईवे के कट से ट्रक को मोड़कर दूसरे लेन से बिहार की ओर फरार हो गया। सूचना मिलते ही बहादुरपुर चौकी और तरयासुजान थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सिपाही को निजी वाहन से उपचार के लिए गोरखपुर भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ पीजीआई रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर सीओ तमकुहीराज जयंत यादव और तमकुहीराज थानाध्यक्ष नितिन रघुनाथ भी मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने ट्रक का पीछा करते हुए बिहार के बथनाकुट्टी हाईवे पर बालू लदे ट्रक को पकड़ लिया, हालांकि उसका चालक मौके से फरार हो गया।
सीओ तमकुहीराज जयंत यादव ने बताया कि मामले में गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है। घायल सिपाही का उपचार कराया जा रहा है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित