कुशीनगर , जुलाई 15 -- उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के खड्डा क्षेत्र में नारायणी (बड़ी गंडक) नदी के तेज बहाव में एक किशोरी डूब गई। घटना के 24 घंटे बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। स्थानीय लोगों और प्रशासन की ओर से उसकी तलाश जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार खड्डा क्षेत्र के ग्राम गेनही जंगल निवासी रामसमुझ निषाद की पुत्री अनुष्का (17) बुधवार दोपहर अपनी मां तथा गांव के कुछ अन्य बच्चों के साथ मदनपुर स्थित ठोकर नंबर-दो पर गई थी। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिरकर नदी के तेज बहाव में बह गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने किशोरी की तलाश शुरू की, लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका।
बताया गया कि अनुष्का कक्षा नौ की छात्रा थी, जबकि उसके पिता रामसमुझ निषाद रोजी-रोटी के लिए बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। प्रशासन ने बरसात और बाढ़ के मौसम को देखते हुए लोगों से नदी, नालों, घाटों और ठोकरों के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है। साथ ही अभिभावकों से बच्चों को ऐसे स्थानों पर अकेले अथवा बिना सुरक्षा के नहीं भेजने का आग्रह किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित