कुशीनगर , सितंबर 5 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के पडरौना कोतवाली परिसर में शनिवार दोपहर निजी रिवाल्वर की सफाई के दौरान अचानक गोली चलने से 55 वर्षीय चौकीदार घायल हो गया। गोली उसके पेट में लगी। गंभीर हालत में चिकित्सकों ने उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया है।
पुलिस के अनुसार, पडरौना कस्बे में तैनात उपनिरीक्षक वीरेंद्र बहादुर सिंह शनिवार को करीब दो बजे कोतवाली के मालखाने में अपने निजी रिवाल्वर की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान रिवाल्वर की कुंडी दब गई और गोली चल गयी। गोली पहले दरवाजे से टकराने के बाद वहां ड्यूटी पर तैनात चौकीदार छोटेलाल जायसवाल को जा लगी।
पुलिस ने बताया कि पडरौना नगर के साहबगंज निवासी छोटेलाल जायसवाल को तत्काल एंबुलेंस से कुशीनगर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. दिलीप कुमार ने बताया कि घायल की हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पडरौना कोतवाली प्रभारी ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि उपनिरीक्षक मालखाने में असलहे की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान कुंडी दबने से गोली चल गई, जो दरवाजे से टकराने के बाद चौकीदार को लगी।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने बताया कि मामला गंभीर है और गोली किन परिस्थितियों में चली, इसकी प्रारंभिक जांच के लिए क्षेत्राधिकारी सदर राकेश प्रताप सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों के अनुसार चौकीदार की हालत खतरे से बाहर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित