कुशीनगर , सितंबर 04 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रामकोला थाना क्षेत्र में कप्तानगंज-पडरौना मार्ग पर एक ही ट्रक ने अलग-अलग स्थानों पर तीन लोगों को कुचल दिया, जिससे तीनों की मृत्यु हो गई। लगातार तीन हादसों के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी।
पुलिस के अनुसार कप्तानगंज-पडरौना मार्ग पर मेहदीगंज के पास अब्दुलचक के सामने सोनवल निवासी मोतीलाल (45) पुत्र रामचंद्र बाइक से पडरौना जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भागने लगा। करीब 500 मीटर आगे पहुंचने पर उसने धनौजी खास निवासी चन्द्रेश (17) पुत्र पारस को पीछे से टक्कर मार दी। चन्द्रेश साइकिल से अपनी बहन के घर चंदनपुर जा रहा था। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने एंबुलेंस की मदद से उसे रामकोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
इसके बाद भी चालक ट्रक लेकर भागता रहा और लक्ष्मीगंज के पास गोबर चौराहे पर एक अन्य बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में रामबर, परतावल बाजार, महराजगंज निवासी सुभाष (35) पुत्र महेन्द्र पांडेय की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
लगातार तीन हादसों के बाद ग्रामीणों ने ट्रक को घेर लिया और चालक की पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक और ट्रक को हिरासत में ले लिया।
रामकोला थाना प्रभारी चन्दभान सिंह ने बताया कि चालक को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित