कुशीनगर , मई 29 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला ने अपने पुत्र और पुत्री के साथ मिलकर सास की पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि पति और ससुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि कप्तानगंज थाना क्षेत्र के खभराभार गांव के करनहा टोला में गुरुवार देर रात बिनोद साहनी का छोटा पुत्र संदीप अपनी ससुराल महाराजगंज के परतावल गया था। देर रात तक उसके घर नहीं लौटने पर बिनोद ने अपने बड़े पुत्र सुनील से फोन कर जानकारी लेने को कहा। इसी बात को लेकर बिनोद और उनकी पत्नी इंद्रावती के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई।
आरोप है कि इंद्रावती ने अपने पुत्र सुनील और पुत्री सलोनी के साथ मिलकर पति बिनोद पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचीं बिनोद की मां अदालती देवी (54) और पिता मेवा साहनी (57) पर भी हमला कर दिया गया। हमले में अदालती देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मेवा साहनी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अदालती देवी को मृत घोषित कर दिया। मेवा साहनी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज कुशीनगर रेफर किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। प्रथम दृष्टया आपसी मारपीट में महिला की मौत हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित