कुशीनगर , अप्रैल 13 -- उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के कुबेरस्थान थाना क्षेत्र से लापता तीन नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया।
कुबेरस्थान थानाध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह ने सोमवार को बताया कि नसीमा खातून निवासी ग्राम लक्ष्मीपुर पश्चिमी टोला थाना कुबेरस्थान ने 11 अप्रैल को सूचना दी थी कि उनकी पुत्री आशिया (15) तथा गांव की दो अन्य नाबालिग लड़कियां अफ्सरा (13) पुत्री खैरूल्लाह और महीरा (15) पुत्री मुहम्मद आलम सुबह स्कूल गई थीं, लेकिन वापस घर नहीं लौटीं।
सूचना के आधार पर थाना कुबेरस्थान में धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने तत्काल तीन विशेष टीमों का गठन कर लड़कियों की तलाश शुरू कराई। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी सर्विलांस की मदद ली, विभिन्न जिलों से संपर्क किया और व्यापक तलाश अभियान चलाया। जांच के दौरान तीनों लड़कियों के दिल्ली में होने की सूचना मिली। इसके बाद कुशीनगर पुलिस ने दिल्ली पुलिस से समन्वय स्थापित कर बीती रात करीब दो बजे तीनों को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार लड़कियों को वापस कुशीनगर लाने के लिए अन्य टीमें दिल्ली रवाना कर दी गई हैं। आवश्यक कार्रवाई के बाद उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित