कुशीनगर , अगस्त 25 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में मंगलवार शाम कॉलेज से पढ़कर घर लौट रही तीन छात्राओं की स्कूटी को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दो छात्राओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद भाग रहे कार सवार दो युवकों को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार, पटहेरवा थाना क्षेत्र स्थित विद्यावती देवी महिला महाविद्यालय, झरही से पढ़ाई के बाद तीनों छात्राएं एक ही स्कूटी से घर लौट रही थीं। मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे माधोपुर बुजुर्ग कट के पास बिहार के कटया की ओर से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दुर्घटना के बाद कार का टायर भी फट गया।

हादसे में गोपालगंज जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र की सुकदेव पट्टी निवासी अनामिका (22) और एराजीपुर बोधाछापर निवासी निशा (21) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कुशीनगर के तमकुहीराज थाना क्षेत्र के छपरा अहिरौली निवासी आलीसा खातून (23) गंभीर रूप से घायल हो गई।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों छात्राओं के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल आलीसा खातून को मेडिकल कॉलेज कुशीनगर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। पटहेरवा थानाध्यक्ष प्रविन्द राय ने बताया कि दुर्घटना करने वाली कार को कब्जे में ले लिया गया है। हादसे के बाद भाग रहे कार सवार दो युवकों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित