कुशीनगर , मई 15 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में एक सप्ताह पहले तेंदुए के हमले और उसके रेस्क्यू के बाद लोगों का डर अभी कम भी नहीं हुआ था कि जटहां बाजार थाना क्षेत्र के खेसिया गांव के लेड़हां टोला में दूसरे तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है।

ग्रामीणों के अनुसार बुधवार रात करीब 10 बजे आबादी के समीप केले के खेत में तेंदुआ चहलकदमी करता दिखाई दिया। कुछ ग्रामीणों ने उसका वीडियो भी बनाया है। तेंदुए की मौजूदगी से गांव में भय का माहौल बना हुआ है। बताया गया कि खेत के पास भेड़ों का झुंड रुका हुआ था और तेंदुआ वहां तक पहुंच गया था। हालांकि भेड़ पालकों द्वारा शोर मचाने पर वह दूसरी दिशा में भाग गया।

उल्लेखनीय है कि एक सप्ताह पहले माघी कोठिलवा गांव में एक तेंदुए ने हमला कर दो महिलाओं समेत पांच लोगों को घायल कर दिया था। बाद में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर उसे पकड़ लिया था।

अब लेड़हां टोला में दूसरे तेंदुए की दस्तक से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। सूचना मिलने पर पडरौना रेंजर अशोक यादव, डिप्टी रेंजर अमित कुमार तिवारी, वनरक्षक संदीप पटेल तथा चंद्रप्रकाश सिंह की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग और ग्रामीणों ने देर रात तक आसपास के खेतों और बागानों में कांबिंग अभियान चलाया, लेकिन तेंदुए का कोई सुराग नहीं मिल सका।

रेंजर अशोक यादव ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने लोगों को रात में अकेले घर से बाहर न निकलने तथा तेंदुआ दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित