बांसवाड़ा , मई 21 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश देने पर कुशलगढ़ खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गिरिश भाभोर के एपीओ कर दिया गया है।

बांसवाड़ा जिले के गांव चुड़ादा में मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान विभागीय कर्मचारियों द्वारा कुशलगढ़ के खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गिरिश भाभोर के विरूद्ध वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत की गई। इस पर मुख्यमंत्री ने गंभीरता दिखाते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य (ग्रुप-2) विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डॉ. भाभोर को एपीओ कर तत्काल प्रभाव से निदेशक, जन स्वास्थ्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ, मुख्यालय जयपुर में उपस्थिति देने के आदेश जारी किए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित