तेहरान , जुलाई 17 -- ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उसने अमेरिका के ताजा हमलों के जवाब में 'ऑपरेशन नस्र-2' के आठवें चरण के तहत कुवैत स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया तथा दो अमेरिकी ड्रोन भी मार गिराये।

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी इरना के अनुसार, आईआरजीसी ने कहा कि उसकी नौसेना और एयरोस्पेस बल ने बुधवार रात ईरान के दक्षिणी तटीय क्षेत्रों और शहरों पर हुए अमेरिकी हमलों के जवाब में संयुक्त कार्रवाई की है। आईआरजीसी के बयान में दावा किया गया कि इस अभियान में कुवैत के अली अल-सलेम सैन्य अड्डे पर तैनात सी-रैम प्रारंभिक चेतावनी रडार प्रणाली को नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा उस स्थान को भी निशाना बनाया गया, जहां अमेरिकी सैनिक मौजूद थे।

बयान में कुवैत की भूमि का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई के लिए किये जाने की आलोचना करते हुए कहा गया कि क्षेत्रीय सैन्य ठिकानों से होने वाले किसी भी अमेरिकी हमले का जवाब इसी प्रकार दिया जाता रहेगा।इस बीच, आईआरजीसी ने दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने खुजेस्तान प्रांत के अंदीमेश्क के ऊपर एक अमेरिकी एमक्यू-9 ड्रोन को मार गिराया। आईआरजीसी के जनसंपर्क विभाग के अनुसार, बुधवार देर रात तैनात नई वायु रक्षा प्रणाली ने इस ड्रोन को निशाना बनाया। इससे पहले बुधवार को ही बंदर अब्बास के ऊपर भी आईआरजीसी ने अमेरिकी 'लुकास' मॉडल का एक ड्रोन मार गिराने का दावा किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित