नैनीताल , जुलाई 13 -- कुमाऊँ विश्वविद्यालय की रामगढ़ स्थित महादेवी वर्मा सृजनपीठ में नवनिर्मित 'अमृतलाल नागर स्मृति लेखक गृह' का कुलपति दीवान सिंह रावत ने सोमवार को वैदिक संस्कारों के साथ विधिवत् उद्घाटन किया।

कुलपति रावत ने इस अवसर पर कहा कि संस्कृति मंत्रालय, केन्द्र सरकार के सहयोग से लेखक गृह का निर्माण होने से लेखक यहाँ ठहरकर लेखन कार्य कर सकेंगे। लगभग 90 वर्ष पूर्व हिंदी की सुप्रसिद्ध कवयित्री महादेवी वर्मा जिस सृजनात्मक एकांत की तलाश में सुदूर इलाहाबाद से रामगढ़ आई थीं, लेखक यहाँ ठहरकर उसी रचनात्मक एकांत का अनुभव कर सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि उपन्यासकार अमृतलाल नागर के जन्मशताब्दी वर्ष पर केन्द्र सरकार की संस्कृति मंत्रालय द्वारा महादेवी वर्मा सृजनपीठ को यह परियोजना स्वीकृत की गई थी। लेखक गृह का निर्माण कार्यदायी संस्था उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम, निर्माण इकाई, हल्द्वानी द्वारा किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित