लंदन , जुलाई 22 -- भारतीय स्पिन स्टार कुलदीप यादव पहली बार काउंटी क्रिकेट में खेलते हुए यॉर्कशायर का प्रतिनिधित्व करेंगे। वह 24 जुलाई से दो अगस्त के बीच वन डे कप में पांच मैच खेलेंगे। इसके बाद सितंबर में लौटकर सीजन के आखिरी तीन काउंटी चैंपियनशिप मुकाबलों में भी वह हिस्सा लेंगे। कुलदीप का यह दो चरणों वाला कार्यकाल अगस्त में होने वाले भारत के श्रीलंका दौरे से पहले और बाद में होगा। माना जा रहा है कि वह इस दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा होंगे।

कुलदीप को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर एक भी वनडे और टी-20 मैच में खेलने का अवसर नहीं मिला था। यह दौरा पिछले रविवार लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे वनडे के साथ समाप्त हुआ। स्पिन ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर के चोटिल होने के बावजूद कुलदीप को बाहर रखने के भारत के फ़ैसले ने कई सवाल खड़े कर दिए थे।

कुलदीप ने एक बयान में कहा, "मुझे हमेशा इंग्लैंड की परिस्थितियों में खेलने की चुनौती पसंद रही है। टीम प्रबंधन से बातचीत के बाद मैं यॉर्कशायर से जुड़ने को लेकर बेहद उत्साहित हूं। मैं हेडिंग्ली में टीम के लिए सकारात्मक योगदान देने का इंतज़ार कर रहा हूं।"अब तक कुलदीप तीन बार इंग्लैंड का दौरा कर चुके हैं, लेकिन वहां उन्होंने केवल एक ही टेस्ट मैच खेला है। 2018 में उन्हें लॉर्ड्स टेस्ट में खेलने का मौक़ा मिला था, जहां उन्होंने सिर्फ़ नौ ओवर की गेंदबाजी की थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित