चंडीगढ़ , जनवरी 27 -- पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष तथा राज्य मंत्रिमंडल के कैबिनेट मंत्रियों द्वारा गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को विभिन्न जिलों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।
परेड का निरीक्षण किया गया तथा परेड से सलामी ली गयी।
इस मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और कैबिनेट मंत्रियों ने सरकार द्वारा लिये गये जनहितैषी फैसलों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार शहीद भगत सिंह और संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर के दिखाये गये मार्ग पर चलते हुए निरंतर जनकल्याण और पंजाब की बेहतरी के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने अपने भाषण में बताया कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने वाला पंजाब देश का पहला राज्य है, जो प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध करवा रहा है। इसके अलावा मुफ्त बिजली, महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा, नशों के खिलाफ युद्ध, गैंगस्टरों पर कार्रवाई आदि का अपने भाषणों में विशेष रूप से उल्लेख किया गया।
श्री संधवां ने संगरूर तथा श्री रौड़ी ने बरनाला में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। कैबिनेट मंत्रियों में से वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बठिंडा, नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत मंत्री अमन अरोड़ा ने पठानकोट, सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने फिरोजपुर, स्थानीय निकाय संबंधी मंत्री संजीव अरोड़ा ने फरीदकोट तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने शहीद भगत सिंह नगर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसी तरह आवास निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने अमृतसर, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री लाल चंद कटारूचक ने मालेरकोटला, परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने श्री मुक्तसर साहिब, शिक्षा तथा सूचना एवं लोक संपर्क मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने पटियाला और लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने लुधियाना में जिला वासियों को संबोधित किया और परेड से सलामी ली।
इसी प्रकार जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने जालंधर, ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने रूपनगर, संसदीय मामले मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने मानसा, कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने तरन तारन तथा रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने एस.ए.एस. नगर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित