श्रीनगर , अक्टूबर 27 -- जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने के मामले में एक महिला के बैंक खाते से कथित तौर पर निकाले गए पूरे 9.5 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं।

पुलिस ने अपराध से प्राप्त रकम हासिल करने के संदेह में हरियाणा की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जबकि मामले के दो मुख्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है।

इस मामले में कुलगाम जिले के काजीगुंड पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) और 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि धोखाधड़ी का मामला 15 अक्टूबर को सामने आया, जब कुलगाम जिले के पाटी अखरान निवासी मुनीरा रेशी ने मीर बाजार पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करायी। उन्होंने बताया कि पांच अक्टूबर को मीर बाजार स्थित एक एटीएम पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर धोखाधड़ी से उनका एटीएम कार्ड बदल लिया था।

इसके बाद उनके बैंक खाते से अनधिकृत तरीके से कुल 9.5 लाख रुपये के लेनदेन किए गये। जांचकर्ताओं ने दो मुख्य संदिग्धों की पहचान हरियाणा के हिसार जिले के बरवाला स्थित केसां कॉलोनी, वार्ड नंबर 12 निवासी विनेंदर सिंह उर्फ शीनू और इसी जिले के हांसी निवासी मुकेश सिंह के रूप में की है।

पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और जांच के दौरान मिले अन्य सुरागों की मदद से संदिग्धों की पहचान और उनके आवासीय पतों का पता लगाया गया।

इसके बाद पुलिस की एक टीम आरोपियों का पता लगाने के लिए हरियाणा पहुंची। हालांकि, दोनों आरोपी अपने-अपने घरों से गायब मिले और उनके घरों पर ताले लगे हुए थे। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश के लिए आगे की कार्रवाई शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों से पारिवारिक संबंध रखने वाली दो महिलाओं के पास से पूरी 9.5 लाख रुपये की रकम बरामद की। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान हिसार जिले के डाटा गुराना निवासी शांति देवी के रूप में हुई है। वह आरोपी विनेंदर सिंह की मामी हैं। दूसरी महिला हिसार जिले के सोरखी निवासी राजपति देवी हैं, जो आरोपी मुकेश सिंह की मौसी हैं।

पुलिस ने बताया कि दोनों महिलाओं को कथित तौर पर अपराध से प्राप्त रकम हासिल करने में उनकी भूमिका के लिए गिरफ्तार किया गया है। हालांकि, फरार दोनों संदिग्धों की तरह ही इन महिलाओं की कथित संलिप्तता भी जांच और न्यायिक कार्यवाही के निष्कर्षों के अधीन है।

घटनाक्रम की पूरी कड़ी का पता लगाने, इसमें शामिल लोगों की अलग-अलग भूमिकाएं निर्धारित करने और दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित