सक्ती , अगस्त 01 -- जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरी की मौत हो गई जिसमें से एक किनपहचान सक्ती जिले के मालखरौदा ब्लॉक के बुंदेली गांव निवासी दीपक रात्रे के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में शोक का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, दीपक रात्रे करीब डेढ़ साल पहले शादी के बंधन में बंधे थे और उनका एक साल का बेटा है। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि उनका एक भाई दिव्यांग है।
मृतक के परिजन हलधर रात्रे ने बताया कि 31 जुलाई की रात पुलिस के माध्यम से दीपक की मौत की सूचना मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि नकाबपोश आतंकवादियों ने मजदूरों से उनकी पहचान पूछी और धर्म के आधार पर गोली मारी। उन्होंने बताया कि दीपक और एक अन्य व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
हलधर रात्रे ने कहा कि दीपक परिवार में अकेला कमाने वाला था। उनकी मां बुजुर्ग हैं और दिव्यांग भाई के साथ छोटे बच्चे की जिम्मेदारी भी परिवार पर है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि दीपक का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द गांव लाया जाए, ताकि परिवार अंतिम संस्कार कर सके। साथ ही उन्होंने दिव्यांग भाई को सरकारी नौकरी और परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित