श्रीनगर , अगस्त 01 -- जम्मू कश्मीर के कुलगाम में आतंकवादी हमले में दो प्रवासी मजदूरों की मौत के एक दिन बाद उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शनिवार को उपायुक्त एवं जिला पुलिस प्रमुखों को निर्देश दिया कि जम्मू-कश्मीर के बाहर से आए मजदूरों की सुरक्षा के लिए लागू की गयी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) की विस्तार से समीक्षा की जाए।

श्री सिन्हा ने शनिवार को एक उच्च-स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव अटल दुल्लू, पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात, गृह विभाग के प्रधान सचिव चंद्राकर भारती और वरिष्ठ पुलिस, खुफिया एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

लोकभवन के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि उपराज्यपाल ने सभी उपायुक्तों एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को आदेश दिया है कि प्रवासी मजदूरों की रक्षा के लिए बनाये गये सभी एसओपी की विस्तार से जांच की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित