चंडीगढ़/कुरुक्षेत्र , मार्च 23 -- हरियाणा के कुरुक्षेत्र में किसान-मजदूर जन क्रांति रैली शुरू हो गई है। भारत-अमेरिका व्यापारिक समझौते और हरियाणा के कथित धान घोटाले के विरोध में किसान संगठनों ने यह प्रदर्शन आयोजित किया है।

इस रैली में राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पंजाब सहित देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में किसान पहुंचे हैं।

रैली से पहले भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने एक वीडियो जारी कर किसानों से शांतिपूर्ण तरीके से रैली में शामिल होने की अपील की। उन्होंने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी किसान को रैली में आने से न रोका जाए। साथ ही किसानों से भी अपील की कि वे पुलिस के साथ किसी प्रकार की बहस या टकराव से बचें।

श्री चढूनी ने कहा कि यह रैली अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में है, जिसे उन्होंने किसानों, कृषि और देश की अर्थव्यवस्था के लिए नुकसानदायक बताया। उन्होंने यह भी कहा कि चाहे किसी भी परिस्थिति का सामना करना पड़े, किसानों को रैली में पहुंचना चाहिए।

इधर, जिला पुलिस ने रैली को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। अनाज मंडी पिपली के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने बैरिकेडिंग और वज्र वाहनों की भी व्यवस्था की है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सलाह जारी की गई है। पुलिस के अनुसार पीपली चौक पर भारी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा और इसके लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित