कुरुक्षेत्र , अगस्त 10 -- हरियाणा के कुरुक्षेत्र सेक्टर-7 में अधिवक्ता बलवंत सिंह वालिया के घर बंदूक की नोक पर हुई करीब सवा तीन करोड़ रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल और प्रिंस निवासी पानीपत तथा साहिल और अंश निवासी सोनीपत के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूरी योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया। चारों नकाब पहनकर घर में दाखिल हुए थे और उनके पास पिस्टल थी। वारदात के बाद बदमाश घर में लगा डीवीआर भी अपने साथ ले गए। पुलिस टीमों ने तकनीकी जांच, साइबर सहायता और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
अधिवक्ता वालिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि छह अगस्त की रात करीब साढ़े चार बजे खाना खाने के बाद वह अपने पालतू कुत्ते को घुमाने के लिए घर से निकले थे। करीब 10 बजे वापस लौटे तो उनकी पत्नी सुषमा वालिया के हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे और मुंह पर टेप लगी हुई थी।
घर में पहुंचते ही एक बदमाश ने उन्हें धक्का दिया। इसके बाद दो अन्य बदमाश भी सामने आ गए। हाथापाई के दौरान दो बदमाशों ने पिस्टल तानकर उन्हें डराया और तिजोरी एवं डिजिटल लॉकर खुलवाया। बदमाश करीब 17 से 20 लाख रुपये नकद, डेढ़ से दो किलो सोना और करीब चार किलो चांदी के जेवर ले गए। आरोपियों ने लाइसेंसी रिवाल्वर की 30 गोलियां भी उठा लीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित