बड़वानी , सितंबर 28 -- मध्यप्रदेश में बड़वानी जिले के पाटी विकासखंड के बोकराटा स्थित शासकीय जनजातीय बालक आश्रम में निर्धारित मेन्यू के बजाय छात्रों को कुरकुरे, चिप्स और बिस्किट बेचकर उनके अभिभावकों से राशि लेने के आरोपों के बाद प्रशासन ने आश्रम अधीक्षक को पद से हटा दिया है।
जनजातीय कार्य विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार विनोद आर्य को अधीक्षक पद के प्रभार से मुक्त कर उनके मूल पद प्राथमिक शिक्षक के रूप में शासकीय माध्यमिक विद्यालय कालाखेत भेजा गया है। उन्हें वहां शैक्षणिक कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। बोकराटा आश्रम के अधीक्षक का प्रभार प्राथमिक शिक्षक विजय खन्ना को सौंपा गया है।
प्रशासन की कार्रवाई 19 सितंबर को आश्रम के एक छात्र के कथित तौर पर भागने और बाद में दुर्घटना में घायल होने के बाद शुरू हुई जांच के आधार पर की गई। छात्र को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद 20 सितंबर को ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजश्री पंवार के नेतृत्व में जिला स्तरीय जांच दल ने आश्रम पहुंचकर छात्रों के बयान दर्ज किए।
जांच में छात्रों ने आश्रम में करीब एक महीने से पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं होने और शौच के लिए बाहर जाने की मजबूरी की शिकायत की। कुछ छात्रों ने कई दिनों से स्नान नहीं कर पाने की बात भी कही। छात्रों ने भोजन और शाम का नाश्ता निर्धारित मेन्यू के अनुसार नहीं मिलने की शिकायत भी जांच दल के समक्ष रखी।
जांच दल के समक्ष छात्रों ने बताया कि शाम के समय करीब आधे बच्चों को ही नाश्ता दिया जाता था, जबकि अन्य छात्रों को कुरकुरे, चिप्स और बिस्किट दिए जाने के बजाय बेचे जाते थे और इसकी राशि उनके अभिभावकों से ली जाती थी। जांच दल ने छात्रों के इन बयानों को अपने प्रतिवेदन में दर्ज किया है।
जांच के दौरान अधीक्षक की पत्नी, बेटी और भाई की मौजूदगी तथा कथित तौर पर जांच में बाधा डालने का मामला भी सामने आया। आरोप है कि उन्होंने अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और अपशब्द कहे। इस संबंध में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी की शिकायत पर विनोद आर्य और उनके परिवार के तीन सदस्यों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा तथा अभद्रता सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित