भरतपुर , मई 04 -- राजस्थान में डीग जिले के कुम्हेर की पला हवाई पट्टी पर सोमवार दोपहर लगातार दो हेलीकॉप्टर को आपात स्थिति में उतारने से हड़कम्प मच गया।
सैन्य सूत्रों ने दोनों हेलीकॉप्टर की आपात लैंडिंग के बारे में कुछ भी बताने से इन्कार कर दिया, लेकिन ग्रामीणों को आशंका है कि आपात लेंडिंग का झांसा देकर प्रशासन इस हवाईपट्टी पर अपनी योजना को मूर्तरूप देने के लिए गुपचुप तरीके से हवाईपट्टी का परीक्षण कर रहा है।
इस मामले को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन के पुराने आश्वासन को झूठा बताते हुए गांव के अस्तित्व, सुरक्षा और अपने घर जमीन को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है।
उल्लेखनीय है कि इस क्षेत्र में ग्रामीण सैन्य हवाई अड्डा बनाने का विरोध कर रहे हैं। दरअसल इस क्षेत्र को सैन्य क्षेत्र बनाये जाने का प्रस्ताव है, इससे आस पास के गांवों का अस्तित्व मिटने की आशंका है। इससे ग्रामीणों को विस्थापन का सामना करना पड़ेगा। इसीलिये ग्रामीण इस सैन्य हवाई अड्डे का विरोध कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित