पटना , जनवरी 20 -- पटना के जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम ने मंगलवार को कुम्हरार स्थित बापू परीक्षा परिसर के समीप पथ निर्माण विभाग की ओर से प्रस्तावित फुट-ओवर ब्रिज (एफओबी) के निर्माण स्थल का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को कार्यों को त्वरित गति से पूरा करने का निर्देश दिया।

करीब 26.15 मीटर लंबा यह एफओबी बनने के बाद बापू परीक्षा परिसर में आने वाले हजारों परीक्षार्थियों और आम लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे पैदल यात्रियों को सड़क पार करने में सहूलियत होगी, सड़क सुरक्षा मजबूत होगी और ट्रैफिक जाम की समस्या में भी कमी आयेगी।

जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन ने निर्देश दिया है कि जून- जुलाई तक आम जनता को इस एफओबी की सुविधा उपलब्ध कराने के लक्ष्य के साथ अभियंता निर्माण कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित