हरिद्वार , मार्च 26 -- आगामी कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों के तहत मेला प्रशासन ने आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आधिकारिक ''लोगो'' डिज़ाइन के लिए प्रविष्टियाँ आमंत्रित की हैं।

मेलाधिकारी सोनिका ने गुरुवार को बताया कि कुम्भ मेला भारत की प्राचीन सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। वर्ष 2027 में प्रस्तावित इस महापर्व को दिव्य एवं भव्य स्वरूप देने के लिए ऐसा लोगो तैयार किया जाएगा, जो इसकी धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक महत्व को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित कर सके।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित लोगो में नवाचार के साथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों की स्पष्ट झलक होना आवश्यक है, क्योंकि यही प्रतीक चिन्ह कुम्भ मेला-2027 की पहचान बनेगा।

इच्छुक प्रतिभागी अपने डिज़ाइन 15 दिनों के भीतर सॉफ्ट कॉपी एवं हार्ड कॉपी के रूप में मेला नियंत्रण भवन (निकट हर की पैड़ी, हरिद्वार) स्थित कार्यालय में जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त प्रतिभागी अपना डिज़ाइन ई-मेल पर भी भेज सकते हैं।

मेला प्रशासन ने बताया कि चयनित लोगो के डिज़ाइनर को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही प्रदेश के नागरिकों, कलाकारों, डिजाइनरों, युवाओं एवं छात्रों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित