सुलतानपुर , जून 20 -- आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता व प्रख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास, दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन और सोमनाथ भारती पर आचार संहिता उल्लंघन और चुनावी नियमों की अवहेलना के मामलों में सुलतानपुर दीवानी न्यायालय स्थित विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट में शनिवार को सुनवाई हुई, हालांकि सभी को नोटिस प्राप्ति न होने के कारण कोर्ट ने मामले की सुनवाई के लिए अगली तारीख 22 जून तय कर दी है।
मामले से जुड़े वरिष्ठ अधिवक्ता रुद्र प्रताप सिंह 'मदन' ने बताया कि शनिवार को न्यायालय में कुमार विश्वास से जुड़े दो मुकदमों पर विचार होना था। पहले मुकदमे में कुमार विश्वास, सत्येंद्र जैन और सोमनाथ भारती आरोपी हैं। आज इस मामले में सुनवाई के लिए तारीख नियत थी, लेकिन आरोपी सत्येंद्र जैन को छोड़कर अन्य आरोपियों को समंस तामीला (नोटिस डिलीवर) नहीं हो सका। समंस तामीला की प्रक्रिया पूरी न होने के कारण कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 22 जून की तारीख तय की है।
इस मामले में डॉ. कुमार विश्वास, सत्येंद्र जैन और सोमनाथ भारती आरोपी हैं। बीते वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान अमेठी में इन सभी पर मामले दर्ज हुए थे। इसके साथ ही कुमार विश्वास से जुड़े एक अन्य मुकदमे में, जिसमें दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी अभियुक्त हैं, उच्च न्यायालय/उच्चतम न्यायालय से प्रोसीडिंग पर स्टे लगा हुआ है। इस स्टे वाले मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 24 जुलाई की तिथि निश्चित की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित