चंडीगढ़ , जून 21 -- हरियाणा के सिरसा सांसद कुमारी सैलजा ने हरियाणा में बढ़ती बेरोजगारी को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शिक्षित युवाओं का सफाईकर्मी जैसे पदों के लिए आवेदन करना रोजगार के अवसरों की कमी को दर्शाता है।
सुश्री सैलजा ने रविवार को हिसार के लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में सफाईकर्मी के पद के लिए उच्च शिक्षित युवाओं के आवेदन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह प्रदेश में रोजगार संकट की गंभीरता को उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों में बड़ी संख्या में पद रिक्त होने के बावजूद भर्ती प्रक्रियाओं में देरी हो रही है। सरकार को रिक्त पदों का आंकड़ा सार्वजनिक कर समयबद्ध और पारदर्शी भर्ती सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार मिल सके।
सुश्री सैलजा ने रोहतक के महम में कांग्रेस विधायक बलराम डांगी के कार्यालय के बाहर हुई फायरिंग की घटना पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
सांसद ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि सरकार को नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित