चंडीगढ़ , फरवरी 14 -- पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं सांसद कुमारी सैलजा ने सिरसा-फतेहाबाद-जींद क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र भेजा है।
ग्यारह फरवरी 2026 को आयोजित राज्य स्तरीय दिशा समिति की बैठक में संसद सत्र के कारण शामिल न हो पाने पर उन्होंने पत्र के माध्यम से जनहित से जुड़े विषय समिति के समक्ष रखने का आग्रह किया। पत्र में उन्होंने गांव मांगेआना स्थित भारत-इजराइल उत्कृष्टता केंद्र की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा इसे महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय, करनाल का क्षेत्रीय कैंपस घोषित करने के प्रस्ताव पर कार्रवाई की जानकारी देने को कहा। बागवानी किसानों के लिए अतिरिक्त बजट और संसाधन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
रेल परियोजनाओं में अग्रोहा रेल लाइन के लिए पूर्व रेल बजट में किये गये प्रावधान का उल्लेख करते हुए शीघ्र स्वीकृति की मांग की गयी। साथ ही हांसी-महम रेल लाइन पूर्ण होने के बाद सिरसा-महम-रोहतक इंटरसिटी सेवा शुरू करने का आग्रह किया। राष्ट्रीय राजमार्ग, सिंचाई, घग्गर नदी प्रदूषण, कैंसर उपचार केंद्र, रेलवे ओवरब्रिज और शहर में सीवर कार्य में तेजी जैसे मुद्दे भी प्रमुखता से उठाये गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित