बेंगलुरु , सितंबर 15 -- केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने मंगलवार को कर्नाटक सरकार के खिलाफ आक्रामक रूख अपनाते हुए घोषणा की कि वे कर्नाटक लोक सेवा आयोग (केपीएससी) की भर्ती प्रक्रिया, नंदी इन्फ्रास्ट्रक्चर कॉरिडोर एंटरप्राइज (एनआईएसई) परियोजना और अन्य मुद्दों में अनियमितताओं से जुड़े दस्तावेजी सबूत जल्द ही जनता के सामने रखेंगे। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को सत्ता के दुरुपयोग के खिलाफ चेतावनी भी दी।
अमेरिका की दो सप्ताह की यात्रा से लौटने के बाद हासन स्थित माविनाकेरे पहाड़ियों पर पत्रकारों से बात करते हुए श्री कुमारस्वामी ने कहा कि देश से बाहर जाने से पहले ही उन्होंने संकेत दे दिया था कि वे दस्तावेजी सबूतों के साथ कई मुद्दों का पर्दाफाश करेंगे।
श्री कुमारस्वामी ने कहा, "मेरे अमेरिका जाने के बाद से कुछ लोगों की नींद उड़ गयी है। मैंने कहा था कि मैं दस्तावेजों के साथ कुछ मुद्दे जनता के सामने रखूंगा। मैं अन्याय के खिलाफ लड़ूंगा और सबूतों के साथ इसका पर्दाफाश करूंगा।"श्री कुमारस्वामी ने कहा कि वे अपने या अपने परिवार के खिलाफ होने वाले व्यक्तिगत हमलों से उग्र नहीं होंगे, बल्कि इसके बजाय दस्तावेजों और सबूतों को ही बोलने देंगे।
श्री शिवकुमार पर प्रत्यक्ष रूप से निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "मैं दस्तावेजों के साथ सब कुछ जनता के सामने रखूंगा। मैंने एनआईसीई के एक ठेकेदार और मुख्यमंत्री को मुलाकात करते देखा है। मैं दूसरों की तरह ऐसा काम नहीं करूंगा जो लोगों को पीछे छोड़ दे। समय इन सबका जवाब देगा।"उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से उनकी कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है और अगर वे ईमानदारी से काम करेंगे तो वे उनका समर्थन करेंगे। श्री कुमारस्वामी ने कहा, "मुझे किसी से ईर्ष्या या द्वेष नहीं है। लोग कहते हैं कि हमारी जाति का मुख्यमंत्री है, उसे क्यों परेशान किया जाए? मैं उन्हें परेशान नहीं करना चाहता। अगर वे ईमानदारी से काम करते हैं, तो मैं उनका समर्थन करूंगा। लेकिन अगर वे मिली हुई सत्ता का दुरुपयोग करेंगे, तो मैं इसे बर्दाश्त नहीं करूंगा।"केंद्रीय मंत्री ने केपीएससी अनियमितताओं को लेकर अपना हमला तेज करते हुए सरकार के उस दावे पर सवाल उठाया, जिसमें कहा गया था कि मामले से जुड़ी धनराशि जब्त कर ली गई है।
उन्होंने कहा, "वे कहते हैं कि पैसा जब्त कर लिया गया है। वह किसका पैसा था? क्या उन्हें इसका जवाब नहीं देना चाहिए? मैं जनता के सामने सबूत रखूंगा और फैसला उन्हीं पर छोड़ दूंगा।"श्री कुमारस्वामी ने कांग्रेस सरकार पर राज्य प्रशासन को इस तरह चलाने का आरोप लगाया, जिससे व्यवस्था की बदनामी हो रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न मुद्दों पर जनता के सामने सबूत रखने की तैयारियां चल रही हैं। उन्होंने मीडिया और अन्य संस्थाओं की संवैधानिक भूमिका का भी जिक्र करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करना संविधान को कमजोर करने के समान होगा।
उन्होंने कहा, "हमें अंबेडकर के दिये गये संविधान के आगे सर झुकाकर काम करना होगा। मैं सारी तैयारियां कर जनता के सामने प्रस्तुत करूंगा। कार्रवाई जनता को खुद ही करनी होगी।" श्री कुमारस्वामी ने पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना से जुड़े विवाद को फिर से उठाते हुए सवाल किया कि जेल में उनके पास मोबाइल फोन कैसे पहुंचा और अश्लील सामग्री वाली पेन ड्राइव उनके पास कैसे आयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित