नैनीताल , अगस्त 15 -- उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालयों में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, प्रभात फेरियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम और तिरंगा रैलियां आयोजित की गईं एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों और लोकतंत्र सेनानियों के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
नैनीताल के कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में जनपद प्रभारी मंत्री खजान दास ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों और वीर नारियों को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र दिए गए।
मंत्री ने कहा कि देश की आजादी असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि विकास का लाभ गांव-गांव और प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने उपस्थित लोगों को नशामुक्त भारत की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसके बाद गांधी चौक पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। तल्लीताल से डीएसए मैदान तक तिरंगा रैली निकाली गई। ठंडी सड़क पर पौधरोपण, नैनीताल झील में नाव रैली और स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।
पिथौरागढ़ पुलिस लाइन स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन करते हुए सीमांत जनपद के विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और लोकतंत्र सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों, खिलाड़ियों और समाजसेवियों को भी सम्मान मिला। पुलिस लाइन परिसर में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। बागेश्वर में जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने कलेक्ट्रेट परिसर और नुमाइशखेत मैदान में ध्वजारोहण किया।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के त्याग से मिली आजादी की सार्थकता तभी है, जब प्रत्येक नागरिक अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करें।
समारोह में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिजन, लोकतंत्र सेनानी, उत्तराखंड बोर्ड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इससे पहले नगर में प्रभात फेरी भी निकाली गई।
अल्मोड़ा कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने ध्वजारोहण किया। कलेक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया। इसके बाद मल्ला महल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों और कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
चंपावत पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के बाद पुलिस बल ने तिरंगे को सलामी दी। एसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता-अखंडता, संविधान और कर्तव्य के प्रति निष्ठा के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर पदक एवं सम्मान प्राप्त करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी गई। साइबर जागरूकता के क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए हरू जोशी को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कुमाऊं के सभी जिलों में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और संस्थानों में ध्वजारोहण के साथ देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित