हल्द्वानी , जून 23 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश भर के अस्पतालों, कोचिंग सेंटरों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के अग्नि सुरक्षा ऑडिट के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री के निर्देश के क्रम में कुमाऊं मंडल में भी अस्पतालों, कोचिंग सेंटरों, बड़े मॉल, होटलों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का भी व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट कराया जाएगा। शासन ने जनसुरक्षा को देखते हुए अग्नि सुरक्षा मानकों की समीक्षा के निर्देश जारी किए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शासन की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि जिन संस्थानों में अग्निशमन संबंधी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप नहीं पाई जाएंगी, उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। शासन की ओर से खासकर अग्नि सुरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्गों, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था और आपदा की स्थिति में निकासी प्रबंधन की विशेष जांच के निर्देश दिए गए हैं।

शासन के निर्देश पर कुमाऊं मंडल में सभी जिला प्रशासन, अग्निशमन विभाग और संबंधित विभाग जल्द ही संयुक्त रूप से ऑडिट अभियान चलाएंगे। इस दौरान अस्पतालों, कोचिंग संस्थानों और सार्वजनिक उपयोग वाले भवनों में सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित