मुंबई, 01सितंबर (वार्ता)अभिनेत्री कुब्रा सैत ने सोशल मीडिया पर अपने मजेदार अंदाज से एक बार फिर प्रशंसकों का ध्यान आकर्षित किया है। कुब्रा ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह अपने माथे के बीचों-बीच चाबी रखकर 'मैग्नेटिक फोर्स' खोजती नजर आ रही हैं।
वीडियो में कुब्रा अपने माथे पर चाबी रखती हैं और उसके वहां टिक जाने पर हैरान हो जाती हैं। इसके बाद वह इस प्रयोग को बार-बार दोहराती हैं और कैमरे के सामने अपनी मजेदार प्रतिक्रियाएं देती हैं। उनका सहज और हास्यपूर्ण अंदाज वीडियो को मनोरंजक बना देता है।
वीडियो के साथ कुब्रा ने लिखा, "दिमाग के बीचों-बीच चुंबकीय शक्ति रखने वाली महिलाओं से पंगा मत लेना।" इसके साथ उन्होंने कुछ मजेदार इमोजी भी साझा किए हैं। उनका यह हल्का-फुल्का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
कुब्रा अक्सर सोशल मीडिया पर अपने रोजमर्रा के सहज और मजेदार पल साझा करती रहती हैं, जिन्हें प्रशंसकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिलती है।
कुब्रा सैत अपने हालिया प्रोजेक्ट 'संकल्प' में अपने अभिनय के लिए सराहना बटोर रही हैं। इसके अलावा वह बहुप्रतीक्षित सीरीज 'फर्जी 2' में नजर आएंगी। सीरीज में वह शाहिद कपूर और विजय सेतुपति के साथ अपने लोकप्रिय किरदार सायरा के रूप में वापसी करेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित