श्रीनगर , सितंबर 10 -- उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास सीमावर्ती गांव केरन में तीन सप्ताह तक चलने वाले केरन मेला 2026 का शुभारंभ हो गया है। मेले में क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और सीमा से जुड़ी विशिष्ट पहचान को प्रदर्शित किया जा रहा है।
भारतीय सेना और कुपवाड़ा जिला प्रशासन की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित यह मेला 27 सितंबर तक चलेगा। इसका उद्देश्य सीमा पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ होमस्टे और अन्य स्थानीय पहलों के माध्यम से लोगों के लिए रोजगार एवं आजीविका के अवसर पैदा करना है।
अधिकारियों ने बताया कि उद्घाटन समारोह में नागरिक और सैन्य अधिकारी शामिल हुए। उन्होंने इसे सशस्त्र बलों, प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच बढ़ते समन्वय का प्रतीक बताया। किशनगंगा नदी के किनारे स्थित केरन से सीमावर्ती क्षेत्र का मनोरम दृश्य दिखाई देता है।
मेले में क्रिकेट, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, रस्साकशी और युवाओं को जोड़ने के लिए 'रन फॉर फन' सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसके अलावा पारंपरिक नृत्य, वाद्य संगीत और अन्य कलात्मक प्रस्तुतियों वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हो रहे हैं।
प्रशासन और सेना ने मेले में स्वास्थ्य जांच, करियर परामर्श, पर्यटन संबंधी मार्गदर्शन और नशामुक्ति जागरूकता के लिए काउंटर लगाए हैं। स्थानीय हस्तशिल्प और जैविक कृषि उत्पादों के स्टॉल भी लगाये गये हैं। साथ ही पंजीकृत होमस्टे और स्थानीय आतिथ्य को बढ़ावा देने की पहल की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित