छत्रपति संभाजीनगर , अक्टूबर 02 -- मराठा आरक्षण आंदोलन के प्रमुख नेता मनोज जरांगे पाटिल ने महाराष्ट्र सरकार को चेतावनी दी है कि यदि वैध रिकॉर्ड होने के बावजूद मराठा समुदाय के सदस्यों के कुनबी जाति प्रमाण-पत्र रद्द किये गये तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।
श्री जरांगे ने संवाददाताओं से बात करते हुए आरोप लगाया कि कुनबी प्रमाण-पत्र तब भी रद्द किये जा रहे हैं, जब सरकार ने मराठा समुदाय को भरोसा दिलाया था कि मामलों को नये सरकारी आदेश के तहत नयी सुनवाई के लिए मंडल आयुक्त के पास भेजा जायेगा। उन्होंने कहा , "आपने कहा था कि अगर अदालत कोई प्रमाण-पत्र रद्द भी कर देता है, तो आयुक्त अपील पर सुनवाई करेंगे और प्रमाण-पत्र बहाल कर दिया जायेगा। एक नया सरकारी आदेश जारी किया गया और मामलों को आयुक्त के पास भेज दिया गया। प्रशासन, सरकार, सरकारी आदेश और मंडल आयुक्त सभी आपके नियंत्रण में हैं। फिर भी प्रमाण पत्र रद्द किये जा रहे हैं।"उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार समुदाय को आगे बढ़ने नहीं देना चाहती और कहा कि मराठा समुदाय की एकता को कमज़ोर करने की कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा, "एक दिन जब सरकार बदलेगी, तो ये प्रमाण-पत्र जारी हो ही जाएंगे।" उन्होंने ऐसे कदम न उठाने की चेतावनी दी जिनसे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर बुरा असर पड़े।
श्री जरांगे ने दावा किया कि कुनबी प्रमाण-पत्र रद्द होने से लगभग दो महीने पहले ही उन्होंने मंत्रियों को इस मुद्दे के बारे में आगाह कर दिया था। उन्होंने कहा कि उन्होंने राज्य मंत्री उदय सामंत से भी बात की थी और मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के मामले में राधाकृष्ण विखे पाटिल और प्रसाद लाड के सामने भी यह मुद्दा उठाया था।
श्री जरांगे ने कहा, "मैंने उन्हें बताया था कि क्या हो रहा है और उनसे गलत कदम न उठाने को कहा था। मैंने उनसे गरीब परिवारों की ज़िंदगी बर्बाद न करने को कहा। अगर आपको मुझसे कोई निजी खुन्नस है क्योंकि मैं आपकी बात नहीं मानता और अपने समुदाय के साथ खड़ा रहता हूं, तो अपना गुस्सा मुझ पर निकालिए। लेकिन गरीब परिवारों के बच्चों पर अपना गुस्सा न निकालिए।"उन्होंने दावा किया कि एक-दो दिन बाद श्री मंगेश चिवटे और श्री उदय सामंत ने उनसे संपर्क किया और बताया कि मामले को सुलझाने के लिए एक नया सरकारी आदेश जारी किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित