मैनपुरी , मार्च 12 -- उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले के एलाऊ थाना क्षेत्र के ग्राम नगला सवी में आवारा कुत्तों के झुंड ने बाड़े में बंधी बकरियों पर हमला कर दिया। इस घटना में तीन बकरियां और एक बकरा की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दो अन्य बकरियां गंभीर रूप से घायल हैं। पीड़ित मजदूर परिवार हरिओम श्रीवास्तव और उनके परिजनों को इस हमले से लगभग 60 हजार रुपये का नुकसान हुआ। हरिओम परिवार अपनी जीविका के लिए मजदूरी करता है और बकरियां ही उनकी जमा पूंजी थीं।
घटना बुधवार की रात हुई। आवारा कुत्तों के झुंड ने बाड़े में घुसकर बकरियों पर हमला किया। बकरियों की आवाज सुनकर हरिओम और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद कुत्तों को खेतों की ओर खदेड़ा। एलाऊ थाना पुलिस भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची। घायल बकरियों का प्राथमिक उपचार डॉक्टरों की टीम ने किया, हालांकि उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ चुका है और यह बच्चों तथा पशुओं के लिए खतरा बन गया है। पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है ताकि उन्हें इस संकट से उबारा जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित