नयी दिल्ली , अप्रैल 06 -- भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने विधानसभा चुनावों में वोट चोरी के आरोपों को लेकर विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए दावा किया है कि इंडिया गठबंधन कुछ ही सप्ताह में समाप्त होने वाला है तथा इसका श्रेय लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को जाएगा।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने बुधवार को यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि श्री गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज सब एक हो गए हैं। श्री गांधी ने ट्वीट किया है कि पहले वोट की चोरी और सीट की चोरी होती थी, लेकिन अब तो पूरी की पूरी सरकार ही चोरी हो गयी है। श्री गांधी कह रहे हैं कि हरियाणा में घुसपैठियों की सरकार है। रोहिंग्या और बंगलादेशियों के साथ खड़े होकर चुनी हुई सरकार को घुसपैठिया कह रहे हैं। उन्होंने कहा, "श्री गांधी जब चुनाव चल रहे होते हैं, तो आप अंडमान-निकोबार छुट्टी मनाने चले जाते हैं और चीन के इशारे पर उनके लिए दुष्प्रचार करते हैं। श्री गांधी आप एक अयोग्य नेता हैं। मैं एक भविष्यवाणी कर रहा हूँ कि कुछ ही हफ़्तों में इंडिया गठबंधन खत्म होने वाला है। यह ख़बर सूत्रों पर आधारित है। इंडिया गठबंधन खत्म होने वाला है। इसका सारा दोष श्री गांधी के सिर पर आएगा।"उन्होंने सवाल किया कि सुश्री बनर्जी ने कल कहा था कि मैं इस्तीफ़ा नहीं दूँगी। क्या भारत के लोकतंत्र में ऐसा कभी हुआ है? श्री एमके स्टालिन ने कल अपना इस्तीफ़ा दिया। श्री पिनाराई विजयन ने परसों अपना इस्तीफ़ा दिया। यह लोकतंत्र और भारत के संविधान का अपमान है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित