हनुमानगढ़ , मई 29 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिला पुलिस ने फिरौती और रंगदारी के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए विदेश से गिरोह संचालित कर रहे कुख्यात बदमाश सरगना महेंद्र डेलाना के पिता चंदनमल उर्फ चानण (60) को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्रसिंह मीणा ने बताया कि महेंद्र डेलाना फर्जी पासपोर्ट के जरिए विदेश चला गया था। वहां से व्यापारियों, कारोबारियों और अन्य लोगों को जान से मारने की धमकी देकर भारी रकम वसूल रहा था। इस वसूली गई रकम को भारत में ठिकाने लगाने और गिरोह के सक्रिय सदस्यों को सुरक्षित ठिकाने उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी उसके पिता चंदनमल पर थी।
उन्होंने कहा कि पूछताछ में चंदनमल ने स्वीकार किया कि महेंद्र के निर्देश पर उसने बीकानेर रोड स्थित केपीएस स्कूल के पास छिपाकर रखे गए ढाई लाख रुपये को दूसरी जगह स्थानांतरित किया था। पुलिस का मानना है कि यह राशि फिरौती से हासिल की गई थी। चंदनमल अपने खेत में बनी ढाणी में गिरोह के फरार सदस्यों को शरण देता था। हाल ही में गिरफ्तार किए गए राजकुमार उर्फ राजू डेंटर और योगेश उर्फ जोगेंद्र को भी उसने शरण दी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित