सिवनी , अप्रैल 27 -- मध्यप्रदेश में सिवनी जिले के ग्राम चारगांव में एक किसान के खेत स्थित कुएं में बाघ का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना 26 अप्रैल की बताई गई है, जिसके बाद वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
दक्षिण सामान्य वन मंडल सिवनी के वन मंडल अधिकारी महेंद्र सिंह उईके ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बाघ का शिकार विद्युत करंट के माध्यम से किए जाने की बात सामने आई है। आशंका है कि शिकार के बाद शव को कुएं में फेंक दिया गया।
राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के प्रोटोकॉल के तहत श्वान दल की मदद से क्षेत्र का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। वन विभाग की टीम ने बाघ के शव को कुएं से बाहर निकालकर सुरक्षित रखा और 27 अप्रैल को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में भी बाघ की मौत करंट लगने से होने की पुष्टि हुई है।
इसके बाद दिशा-निर्देशों के तहत शवदाह की प्रक्रिया पूरी की गई। वन संरक्षक संध्या और वन मंडल अधिकारी महेंद्र सिंह उईके के निर्देशन में संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।
वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि घटना से संबंधित कोई भी जानकारी तत्काल उपलब्ध कराएं। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उपयोगी जानकारी देने पर 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित