खरगोन , अक्टूबर 07 -- मध्यप्रदेश में खरगोन जिले के महेश्वर थाना क्षेत्र के भूरी बेड़ी गांव में बुधवार शाम खेत में स्थित कुएं में डूबने से दो मासूम बहनों की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान सलोनी (07) और अन्नपूर्णा (03), पिता अनिल दांगी, के रूप में हुई है।

महेश्वर थाना प्रभारी जगदीश गोयल ने बताया कि बच्चियों के पिता बुधवार सुबह काम के लिए ग्राम गुजरी चले गए थे, जबकि उनकी मां शाम करीब चार बजे अस्पताल गई थी। घर लौटने पर दोनों बच्चियां नहीं मिलीं तो परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की।

तलाश के दौरान घर से करीब 100 मीटर दूर खेत में स्थित कुएं के पास बच्चियों के कपड़े मिले। ग्रामीणों ने कुएं से दोनों बच्चियों को बाहर निकाला और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, महेश्वर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

श्री गोयल ने प्रारंभिक जांच के आधार पर आशंका जताई कि पानी निकालते समय बाल्टी कुएं में गिर गई होगी और उसे निकालने के प्रयास में दोनों बच्चियां कुएं में गिर गई होंगी। काकड़दा चौकी प्रभारी सुनील जामले ने बताया कि दोनों शवों का गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित