मुरैना , जुलाई 16 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में कुएं में गिरे मोबाइल फोन को निकालने के लिए उतरे एक युवक की दम घुटने से मृत्यु हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार घटना स्टेशन रोड थाना क्षेत्र स्थित खाकी बाबा की बगिया की है। श्यामपुर खुर्द निवासी शिवकुमार उर्फ सेंकी उपाध्याय अपने गुरु से मिलने वहां आया था। इस दौरान फूल तोड़ते समय उसका मोबाइल फोन पास के एक कुएं में गिर गया।

मोबाइल निकालने के लिए वह रस्सी के सहारे कुएं में उतरा, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और युवक को कुएं से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मौत का कारण कुएं में ऑक्सीजन की कमी अथवा जहरीली गैस का प्रभाव माना जा रहा है। मृतक भागवत कथा वाचन का कार्य करता था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित