अलवर , मार्च 21 -- राजस्थान में कोटपुतली बहरोड़ जिले के बानसूर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात कुआं पूजन कार्यक्रम में शामिल होने आये 14 वर्षीय बालक की खुले कुएं में गिरने से मौत हो गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कांजीपुरा निवासी हेमंत कुमार मेघवाल (14) चूला गांव स्थित गूंदा सिद्ध मंदिर के पास आयोजित कुआं पूजन कार्यक्रम में शामिल होने आया था। कार्यक्रम के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह पास ही स्थित खुले कुएं में गिर गया।
इससे अफरा-तफरी मच गयी। ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर रात करीब 11 बजे एक एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बालक को कुएं से बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में बालक को तुरंत बानसूर उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित