पन्ना , मई 27 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में अजयगढ़ जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत बीहरपुरवा के नयापुरवा में निर्माणाधीन कुएं की मिट्टी धंसने की दुर्घटना में मृत मजदूरों का पोस्टमार्टम कराने के बाद आज उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। दुर्घटना के बाद पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है तथा पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृत मजदूरों का पोस्टमार्टम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजयगढ़ में कराया गया।

कमिश्नर सागर संभाग अनिल सुचारी और पुलिस महानिरीक्षक मिथिलेश कुमार शुक्ला ने अजयगढ़ पहुंचकर घटना की जानकारी ली तथा पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। अधिकारियों ने शासन प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन देते हुए परिजनों की मांगों के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

अधिकारीद्वय ने प्रभावित परिवारों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के भी निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ऊषा परमार, पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी उमराव सिंह मरावी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चौहान, एसडीएम संजय कुमार नागवंशी, तहसीलदार सुरेन्द्र अहिरवार तथा जनपद पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी सतीश नागवंशी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मृत श्रमिकों के निकटतम वारिसों को चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है। इससे पहले जिला कलेक्टर और अन्य अधिकारियों ने भी घटनास्थल पहुंचकर पीड़ित परिवारों से भेंट की थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित