हरिद्वार , मई 15 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने शहर के प्रमुख परिवहन केंद्रों को आधुनिक और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में तेजी से काम शुरू कर दिया है।
मेलाधिकारी सोनिका ने शुक्रवार को उत्तराखंड परिवहन निगम के हरिद्वार बस स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने बस स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, भीड़ प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था तथा आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी के लिए वैकल्पिक मार्ग विकसित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए हरिद्वार बस अड्डे की आधारभूत संरचना को मजबूत करना बेहद जरूरी है। इसके लिए कुंभ मेला मद से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
मेलाधिकारी ने बस स्टेशन परिसर में स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यात्री प्रतीक्षालय और सूचना प्रणाली को अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सहज और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही बस अड्डे के आसपास अतिक्रमण हटाने और यात्रियों के सुरक्षित पैदल आवागमन के लिए अलग प्रवेश-निकास व्यवस्था विकसित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान बस स्टेशन से सटी नगर निगम की भूमि का भी अवलोकन किया गया। मेलाधिकारी ने कहा कि इस क्षेत्र में बड़े स्तर पर होल्डिंग एरिया और जनसुविधा केंद्र विकसित किए जा सकते हैं, जिससे कुंभ मेले के दौरान भीड़ नियंत्रण में मदद मिलेगी। रेलवे स्टेशन के निकट स्थित होने के कारण यह क्षेत्र यातायात और श्रद्धालु प्रबंधन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मेलाधिकारी ने अधिकारियों को बस स्टेशन से तुलसी चौक की ओर वैकल्पिक निकासी मार्ग विकसित करने की संभावनाओं का तकनीकी परीक्षण कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा शिवमूर्ति चौक, तुलसी चौक और मायापुर रोड क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए ट्रैफिक प्रबंधन की समग्र योजना तैयार करने और पार्किंग व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, तकनीकी सेल के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार, ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार, उत्तराखंड परिवहन निगम के महाप्रबंधक संचालन क्रांति सिंह, उप महाप्रबंधक संचालन एवं कुंभ नोडल अधिकारी सुरेश सिंह चौहान, सहायक महाप्रबंधक विशाल चंद्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित