हरिद्वार , अक्टूबर, 07 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने और विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं की ओर से किए जा रहे निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी के लिए बुधवार को हरिद्वार में 24 घंटे संचालित होने वाला कंट्रोल रूम स्थापित किया गया।
मेलाधिकारी सोनिका के निर्देश पर यह कंट्रोल रूम जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, रोशनाबाद में संचालित होगा।
कंट्रोल रूम के प्रभावी संचालन के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी तय कर दी गई हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत को कंट्रोल रूम की नोडल अधिकारी तथा उप मेलाधिकारी कुंभ मेला-2027 आकाश जोशी को अनुश्रवण अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, अधीक्षण अभियंता, तकनीकी सेल, कुंभ मेला-2027 को कंट्रोल रूम से प्राप्त निरीक्षण रिपोर्टों के संकलन का दायित्व दिया गया है।
कंट्रोल रूम के माध्यम से कुंभ से जुड़े कार्यों की प्रतिदिन दो पालियों में अद्यतन निरीक्षण रिपोर्ट तैयार की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे कार्यों का नियमित स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति, गुणवत्ता और मौके की वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इन रिपोर्टों को संकलित कर प्रतिदिन मेलाधिकारी को उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रशासन का उद्देश्य निर्माण कार्यों की गति के साथ उनकी गुणवत्ता और समयबद्धता पर भी लगातार नजर रखना है, ताकि कुंभ मेला-2027 से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी की जा सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित