हरिद्वार , सितंबर 10 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को धरातल पर परखने के लिए मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन ने गुरुवार को शहर में विभिन्न निर्माण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।
मुख्य सचिव अधिकारियों के साथ अरबेनिया वाहन से रोड़ी-बेलवाला, हरकी पैड़ी, ऋषिकुल, रोशनाबाद, कनखल-दक्षद्वीप, बैरागी कैंप और सीसीआर क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, तकनीकी पहलुओं और निर्धारित समयसीमा का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ से जुड़े सभी निर्माण कार्य तय समयसीमा में पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न हो। उन्होंने धीमी गति से चल रही परियोजनाओं की नियमित समीक्षा, निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं का तत्काल समाधान तथा विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाने को कहा। रोड़ी-बेलवाला में यूआईआईडीबी की प्रशासनिक मार्ग परियोजना और हरकी पैड़ी क्षेत्र की पुनर्विकास परियोजनाओं का निरीक्षण करते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
प्रशासनिक मार्ग निर्माण के लिए 4325.14 लाख रुपये और हरकी पैड़ी पुनरुद्धार कार्य के लिए 6677.21 लाख रुपये स्वीकृत हैं। श्री बर्द्धन ने हाथीपुल से अलकनंदा के मध्य घाटों के पुनर्निर्माण एवं सुधार कार्यों का भी जायजा लिया और घाटों पर मजबूत रेलिंग, चेन तथा सुगम पैदल मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। ऋषिकुल क्षेत्र में ओल्ड दिल्ली-नीतिपास मार्ग के नवीनीकरण कार्य का निरीक्षण करते हुए उन्होंने यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कार्य कराने तथा सड़क किनारे पौधरोपण कर हरियाली विकसित करने पर जोर दिया। शिवमूर्ति चौक, शंकर आश्रम चौक और भगत सिंह चौक से विल्केश्वर तक चौराहों के सुधार एवं पैडेस्ट्रीयन फुटपाथ कार्य में पैदल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। रोशनाबाद में 251.98 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन ड्रग वेयरहाउस तथा दक्षद्वीप-बैरागी क्षेत्र में 1246.09 लाख रुपये की लागत से बन रहे 60 मीटर स्पान पुल का भी निरीक्षण किया गया।
सीसीआर-2 भवन के निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने कुंभ शुरू होने से पहले निर्माण पूरा कराने के लिए जरूरत के अनुसार दिन-रात कार्य कराने और गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद डाम कोठी में आयोजित बैठक में कुंभ मेला और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ विभागवार निर्माण कार्यों और अन्य तैयारियों की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने कार्यदायी संस्थाओं को पर्याप्त मानव संसाधन और मशीनरी उपलब्ध कराकर कार्यों की गति बढ़ाने को कहा। उन्होंने थर्ड पार्टी गुणवत्ता जांच के लिए नियुक्त एजेंसियों से प्रगति की जानकारी लेते हुए जांच प्रक्रिया को निरंतर और सख्ती से जारी रखने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के कारण प्रभावित होने वाले पार्किंग स्थलों, मार्गों के परिवर्तन और वैकल्पिक पुलों की योजनाओं की भी समीक्षा की गई। साथ ही भीड़ प्रबंधन के लिए संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
मेला अधिकारी सोनिका ने बताया कि कुंभ क्षेत्र के सभी कार्य निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार आगे बढ़ रहे हैं और प्रगति एवं गुणवत्ता की बहुस्तरीय निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलों का सुरक्षा ऑडिट कराया जा चुका है तथा आईआईटी रुड़की से भी जांच कराने का आग्रह किया गया है। सीसीआर-2 भवन की गुणवत्ता जांच के लिए नियुक्त एजेंसी के अतिरिक्त केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान से भी गुणवत्ता जांच कराने का निर्णय लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित