हरिद्वार, अक्टूबर, 20 -- त्तराखंड के हरिद्वार में आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देते हुए जनपद में 21 अक्टूबर से 7 नवंबर 2026 तक वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने इस संबंध में मंगलवार को आवश्यक आदेश जारी करते हुए जनपद के 35 विभिन्न क्षेत्रों, संस्थानों और विभागों के लिए नोडल अधिकारी नामित किए हैं। अभियान का उद्देश्य हरिद्वार के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और गंगा घाटों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाना है। यह अभियान उत्तराखंड उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन के क्रम में भी संचालित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को उनके कार्यक्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके तहत नगर निगम हरिद्वार एवं रुड़की, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के माध्यम से शहरी क्षेत्रों में सफाई कराई जाएगी, जबकि जिला पंचायत राज अधिकारी और जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान का संचालन सुनिश्चित करेंगे। अभियान में जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, संत समाज, व्यापार मंडलों, औद्योगिक इकाइयों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयंसेवी संस्थाओं और स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित