हरिद्वार , मार्च 24 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के लिए मेला प्रशासन ने जमीनी स्तर पर निरीक्षण तेज कर दिया है। इसी कड़ी में मंगलवार को उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह ने भूपतवाला क्षेत्र का दौरा कर जलापूर्ति से संबंधित निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पावनधाम के सामने निर्माणाधीन ट्यूबवेल, श्यामीलोक कॉलोनी में चल रहे बोरिंग कार्य तथा प्राथमिक विद्यालय के समीप संचालित कार्यों को बारीकी से देखा गया। उप मेलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तय समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यदायी संस्थाओं को नियमित निगरानी रखने और तकनीकी मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश भी दिए गए।
इस मौके पर अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल, सहायक अभियंता राकेश बमराड़ा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय के भीतर पूरी कर ली जाएंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित