मुंबई , मई 28 -- अभिनेत्री तोरल रसपुत्रा ने बताया है कि कुंती जैसे जटिल और बहुआयामी किरदार को समझने के लिए उन्होंने कई किताबों और संदर्भों का अध्ययन किया। सोनी सब का नया पौराणिक धारावाहिक "हस्तिनापुर के वीर" महाभारत के शुरुआती दौर की भावनात्मक और नई प्रस्तुति के साथ दर्शकों के सामने आने को तैयार है।

यह शो उन रिश्तों, मूल्यों और संघर्षों को उजागर करेगा, जिन्होंने महाकाव्य के प्रमुख पात्रों के व्यक्तित्व को आकार दिया।

इस शो में कुंती का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री तोरल रसपुत्रा ने अपने रोल की तैयारी को लेकर खास अनुभव साझा किया है। उन्होंने बताया कि कुंती के चरित्र को गहराई से समझने के लिए उन्होंने कई किताबों और संदर्भों का अध्ययन किया।

तोरल के अनुसार, उन्होंने "क्वीन कुन्ती की टीचिंग्स", "द कौन्तेयाज़ - क्वीन कुन्ती'स महाभारत" और कोरल दासगुप्ता द्वारा लिखित "कुन्ती" जैसी पुस्तकों का अध्ययन किया। इन किताबों ने उन्हें कुंती के विभिन्न रूपों एक माँ, एक रानी और एक ऐसी स्त्री जो कर्तव्य, त्याग, अपराधबोध और प्रेम के बीच संतुलन बनाती है को समझने में मदद की।

तोरल ने कहा कि हर लेखक ने कुंती के व्यक्तित्व को अलग दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया, जिससे उन्हें इस किरदार की अपनी भावनात्मक व्याख्या गढ़ने की प्रेरणा मिली। उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं दर्शक कुंती को सिर्फ एक पौराणिक पात्र नहीं, बल्कि एक सशक्त और संवेदनशील स्त्री के रूप में देखें, जिनकी कहानी आज भी प्रासंगिक है।

यह धारावाहिक दो जून से सोमवार से शनिवार रात नौ बजे केवल सोनी सब परप्रसारित होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित