मॉस्को , जुलाई 16 -- रूस की सेना ने बुधवार रात यूक्रेन की राजधानी कीव में ड्रोन निर्माण एवं भंडारण से जुड़े रक्षा उद्योग प्रतिष्ठानों तथा ओडेसा और युजनी बंदरगाहों के सैन्य बुनियादी ढांचे पर सटीक हमले किये। रूस के रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को यह दावा किया।
रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि रूसी सशस्त्र बलों ने रात लंबी दूरी के उच्च परिशुद्धता वाले भूमि एवं वायु आधारित हथियारों तथा मानव रहित विमानों (यूएवी) से एक साथ हमले किये। बयान के अनुसार, इन हमलों में कीव स्थित यूक्रेन के रक्षा उद्योग से जुड़े उन प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया, जहां लंबी और मध्यम दूरी के ड्रोन का निर्माण तथा भंडारण किया जाता था।
मंत्रालय ने दावा किया कि ओडेसा और युजनी बंदरगाहों के उन बुनियादी ढांचा प्रतिष्ठानों पर भी हमला किया गया, जिनका उपयोग यूक्रेनी सेना के लिए सैन्य सामग्री तथा ईंधन के भंडारण और आपूर्ति में किया जा रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित