नयी दिल्ली , फरवरी 19 -- कीवी फल को भारत के लिए एक प्राथमिकता वाली फसल के रूप में पहचाना गया है। इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भारत और न्यूजीलैंड ने गुरूवार को बागवानी सहयोग पर संयुक्त कार्य समूह की पहली बैठक आयोजित की। यह बैठक बागवानी क्षेत्र में तकनीकी और व्यापारिक साझेदारी को नयी ऊंचाई देने के लिए बुलाई गई थी।

कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव (बागवानी) प्रियरंजन और न्यूजीलैंड के द्विपक्षीय संबंध एवं व्यापार मंडल प्रबंधक स्टीव एन्सवर्थ की सह-अध्यक्षता में हुई इस बैठक में 'कीवीफ्रूट एक्शन प्लान' पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके तहत भारत में कीवी उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए उत्कृष्टता केंद्रों की स्थापना, उन्नत बाग प्रबंधन और गुणवत्तापूर्ण रूटस्टॉक की उपलब्धता सुनिश्चित करने जैसे क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया गया।

बैठक में न्यूजीलैंड से कीवी रूटस्टॉक के आयात की प्रक्रियाओं और भारतीय किसानों के लिए न्यूजीलैंड में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित