पटना , सितंबर 25 -- कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को कहा कि प्रदेश में फसलों को हानिकारक कीटों से बचाने और रासायनिक कीटनाशकों के अनावश्यक इस्तेमाल को कम करने के लिए कृषि विभाग की विशेष पहल के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 'पौधा संरक्षण से संबंधित उपादान वितरण योजना' के माध्यम से किसानों को कीट नियंत्रण से जुड़े उपादानों की खरीद पर 75 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है।
श्री सिन्हा ने किसानों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल कीट प्रबंधन उपायों को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसान डीबीटी पोर्टल पर पंजीकरण कराने के बाद ऑनलाइन आवेदन कर फेरोमोन ट्रैप, स्टिकी ट्रैप और फ्रूट फ्लाई ट्रैप पर मिलने वाले अनुदान का लाभ उठा सकते हैं। इससे किसानों की उत्पादन लागत कम करने के साथ फसल की गुणवत्ता और उत्पादकता बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
कृषि मंत्री ने बताया कि योजना के तहत धान, मक्का, टमाटर, बैंगन, विभिन्न सब्जियों और अमरूद समेत अन्य फलदार फसलों में कीट नियंत्रण के लिए अलग-अलग उपादान उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित