बैतूल , सितंबर 06 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के झल्लार थाना क्षेत्र के लाखाझिरी गांव में कीटनाशक रखे गिलास से गलती से पानी पीने के बाद 17 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार दोपहर उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान लाखाझिरी निवासी शिवानी पिता भाबाला बारस्कर के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि शनिवार शाम करीब सात से आठ बजे शिवानी अपने पिता के साथ खेत में कीटनाशक का छिड़काव करने की तैयारी कर रही थी। खेत में दवा तैयार करने के लिए एक गिलास में कीटनाशक नापकर पानी में मिलाया गया। इसके बाद पिता-पुत्री फसल पर दवा का छिड़काव करने चले गए।
छिड़काव पूरा करने के बाद दोनों घर लौट आए। परिजनों के अनुसार घर पहुंचने के बाद शिवानी ने गलती से उसी गिलास से पानी पी लिया, जिसका इस्तेमाल कुछ देर पहले कीटनाशक नापने के लिए किया गया था। पानी पीने के कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। गंभीर हालत में परिजन उसे निजी वाहन से बैतूल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया, लेकिन रविवार दोपहर करीब एक से दो बजे के बीच उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की और जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
झल्लार पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में परिजनों ने किशोरी द्वारा कीटनाशक के संपर्क में आए गिलास से पानी पीने की बात बताई है। मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित