भिवानी , अगस्त 17 -- हरियाणा के पंचायत भवन में भिवानी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य की समीक्षा को लेकर एईआरओ, सुपरवाइजर एवं बीएलओ की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम महेश कुमार ने की।

एसडीएम ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार पूरी पारदर्शिता और निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटने नहीं दिया जाए।

उन्होंने बताया कि भिवानी विधानसभा क्षेत्र में करीब 54 हजार मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। बीएलओ को निर्देश दिए गए कि निर्वाचन आयोग के बीएलओ एप पर मतदाताओं का डाटा आवश्यक रूप से अपडेट करें तथा नोटिस देने के बाद मतदाता के हस्ताक्षरयुक्त फोटो को भी एप पर अपलोड करें।

श्री महेश कुमार ने कहा कि नाम, जन्म तिथि, लिंग और पते जैसी छोटी त्रुटियों को नोटिस देने के समय ही मूल दस्तावेजों की जांच कर ठीक किया जाए। साथ ही एईआरओ, सुपरवाइजर एवं बीएलओ को प्राप्त दावों और आपत्तियों की नियमित समीक्षा करने, फील्ड स्तर पर आवश्यक सत्यापन करने तथा सभी कार्रवाई का रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत एक जुलाई 2026 को आधार तिथि मानते हुए 30 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जबकि इनका निपटारा 28 सितंबर तक किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित